हावड़ा के नागरिकों को मिलेगी 24×7 हेल्पलाइन सुविधा

जारी किया गया वॉट्सएप नंबर,आधुनिक ''हावड़ा मॉडल'' पर जल्द शुरू होगा काम
Howrah MC Launches 24x7 Helpline WhatsApp Service and Howrah Model
हावड़ा में संवाददाताओं को संबोधित करते शहरी विकास और नगरपालिका मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय, साथ हैं विधायक संजय सिंह, रुद्रनील घोष, हावड़ा नगरनिगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24×7 एकीकृत कंट्रोल रूम की शुरुआत की है। अब पानी, जल निकासी, सफाई, सड़क मरम्मत और स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें नागरिक हेल्पलाइन व वॉट्सएप नंबर 6293708976 पर दर्ज करा सकेंगे, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को इसकी घोषणा राज्य के नगर विकास एवं नगर पालिका कार्य विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने बाली के विधायक संजय सिंह और शिवपुर के विधायक रूद्रनील घोष, हावड़ा नगरनिगम कमिश्नर तेजस्वी राणा की उपस्थिति में की। इसके साथ ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की भी जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि 2026 की जनगणना के तहत 1 से 15 अगस्त तक हावड़ा के नागरिक ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन कर पायेंगे। इसके बाद 16 अगस्त से 14 सितंबर तक प्रशासनिक कर्मी घर-घर जाकर गृह गणना करेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में मुफ्त HPV टीकाकरण की व्यवस्था की जाने की जानकारी दी। हावड़ा के शरत सदन प्लैनेटेरियम में छात्रों और आम लोगों के लिए नियमित खगोल विज्ञान शो की भी शुरुआत की जाने की घोषणा इसदिन अधिकारियों ने की जहां हिंदी, अंग्रेजी और बांग्ला में शो प्रसारित होंगे।

"हावड़ा मॉडल" का डीपीआर है तैयार

इस दौरान मंत्री उमेश राय ने कहा कि "हावड़ा मॉडल" के तहत जलजमाव और गंदगी मुक्त, आधुनिक शहर विकसित करने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल को सौंप दी गई है जिसकी लगात लगभग लगभग 4,700 करोड़ रुपये है। मंत्री ने बताया कि मंगलवार को नगर एवं शहरी विकास विभाग को हावड़ा शहर से नागरिक समस्याओं से संबंधित कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 16 शिकायतें जलभराव से जुड़ी थीं अतः इसे पहले ही ध्यान में रखकर राज्य सरकार द्वारा आवंटित 15 करोड़ रुपये की लागत से फिलहाल शहर के विभिन्न हिस्सों में ड्रेनेज सुधार का कार्य चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम में तकनीकी कर्मचारियों की कमी को देखते हुए केएमडीए से 15 अनुभवी इंजीनियरों को इस परियोजना में नियुक्त किया गया है, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि हावड़ा मॉडल योजना पर काम शुरू होने के बाद करीब साढ़े तीन वर्षों में इसका अधिकांश कार्य पूरा हो जाएगा और हावड़ा के विकास की नई तस्वीर सामने आएगी। मंत्री ने पूर्व हावड़ा नगर निगम बोर्ड पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय तक खाली रखे गए और 400 से अधिक ऐसे कर्मचारी वेतन ले रहे थे जो नियमित रूप से काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासन ऐसी अनियमितताओं पर रोक लगाकर पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in