मंगलाहाट में वसूली के आरोप में 2 गिरफ्तार

Two Arrested for Extortion in Howrah Mangalahat Market
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : लंबे समय से चल रही कथित वसूली की शिकायतों के बाद हावड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलाहाट इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वसूली के दौरान संतोष सिंह और मोहन साव नामक दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। व्यापारियों का आरोप है कि कुछ लोग लंबे समय से मंगलाहाट में दुकानदारों से जबरन पैसे वसूल रहे थे। विशेष रूप से हावड़ा अस्पताल के पीछे चर्च रोड पर अस्थायी रूप से दुकान लगाने वाले व्यवसायियों से नियमित रूप से रकम मांगी जाने की शिकायत सामने आई थी। राजनीतिक प्रभाव के कारण कई व्यापारी विरोध करने से डरते थे। दोनों आरोपी इलाके के एक तृणमूल नेता के करीबी बताए जा रहे हैं। व्यापारियों के एक वर्ग का आरोप है कि संतोष सिंह पिछले कई वर्षों से मंगलाहाट में कथित तौर पर वसूली का काम कर रहा था। मोहन साव पर भी बंकिम सेतु के नीचे बैठने वाले दुकानदारों से पैसे लेने का आरोप लगाया गया है। व्यवसायियों का कहना है कि यदि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रही तो व्यापारी बिना डर के अपना कारोबार कर सकेंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in