

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा जिले के डोमजुड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत जॉयचंडीतला दौड़ेपाड़ा स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र की जर्जर स्थिति को लेकर शनिवार को स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। केंद्र की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आंगनवाड़ी केंद्र की इमारत पूरी तरह ढहने की कगार पर है। भवन पर छत न होने के कारण बारिश के मौसम में बच्चों और वहां कार्यरत कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पेड़ के नीचे पक रहा मिड-डे मील
स्थिति इतनी खराब है कि बच्चों की पढ़ाई एक स्थानीय क्लब भवन में करानी पड़ रही है, जबकि बच्चों के लिए मिड-डे मील का भोजन खुले आसमान के नीचे, एक पेड़ के नीचे पकाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने खाना पकाने वाली जगह पर फैली गंदगी को लेकर भी गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस अस्वच्छ माहौल में बना भोजन नौनिहालों के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा बन चुका है। ग्रामीणों ने इस दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर स्थानीय पंचायत सदस्य की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। हंगामे की सूचना मिलते ही डोमजुड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले की उचित जांच और समाधान का आश्वासन दिया है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर पंचायत सदस्य या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।