निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के सांकराइल अंतर्गत नलपुर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर गरीब परिवारों से पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़ित समर माकाल के अनुसार, अप्रैल 2024 में पंचायत के अस्थायी कर्मचारी हिरूलाल मंडल ने उनसे व अन्य लोगों से मकान स्वीकृत कराने के नाम पर 10-10 हजार रुपये लिए थे। एक साल बीत जाने के बाद भी मकान न मिलने और पैसे मांगने पर पीड़ितों को धमकियां दी जाने लगीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपी कर्मचारी के घर बोला धावा
स्थानीय प्रशासन से मदद न मिलने पर थक-हारकर पीड़ितों ने भाजपा से संपर्क किया। भाजपा नेता शांतनु घोष की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों के साथ दादपुर पंचायत स्थित हिरूलाल के घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और तुरंत पैसे लौटाने की मांग की। चौतरफा दबाव के बाद आरोपी कर्मचारी ने तीन पीड़ितों को 23 हजार रुपये वापस कर दिए।
उधार लेने की दी सफाई, जांच जारी
दूसरी ओर, आरोपी कर्मचारी हिरूलाल का कहना है कि वह पंचायत का एक मामूली अस्थायी कर्मचारी है और उसके पास मकान दिलाने का अधिकार नहीं है। उसने दावा किया कि उसने पारिवारिक जरूरतों के कारण यह राशि उधार ली थी। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।