

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के बागनान थाना अंतर्गत नौपाला इलाके में नेशनल हाईवे-16 के किनारे बने होटलों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। होटलों के शौचालय और रसोई का दूषित पानी गांव के पवित्र मंदिर से सटे तालाब में बहाए जाने से नाराज स्थानीय निवासियों ने होटलों के सामने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग है कि तालाब को दूषित होने से बचाया जाए और गंदे पानी की निकासी के लिए तुरंत अलग नाली का निर्माण कराया जाए।
नालियों पर अवैध कब्जे और गंदे पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोलकाता जाने वाली लेन पर हाईवे किनारे स्थित नालियों को पाटकर अवैध तरीके से होटल बनाए गए हैं। होटल प्रबंधन ने निकासी की सही व्यवस्था करने के बजाय नाली का रुख सीधे गांव के तालाब की ओर मोड़ दिया है। शौचालय का जहरीला पानी लगातार गिरने से तालाब बुरी तरह प्रदूषित हो चुका है। इससे न सिर्फ धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है, बल्कि पूरे इलाके में बदबू और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
पुलिस की मध्यस्थता के बाद शांत हुआ मामला, 1 सप्ताह का मिला आश्वासन
बवाल की सूचना मिलते ही बागनान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत होटल मालिकों के साथ बैठक की। बातचीत के बाद होटल प्रबंधन ने गंदे पानी की निकासी के लिए एक सप्ताह के भीतर नई नाली का निर्माण कराने का लिखित आश्वासन दिया है। हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि दी गई समय-सीमा के अंदर समस्या का स्थायी समाधान निकाल लिया जाएगा।