हावड़ा में फिर चला बुलडोजर: बेइलियास और नरसिंह दत्त रोड पर ढहाई गईं अवैध दुकानें

अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Eviction Drive in Howrah: Bulldozer Demolishes Illegal Shops
हावड़ा के बेलिलियस रोड पर हटाया जा रहा अतिक्रमण
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत शनिवार को एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। शनिवार दोपहर हावड़ा नगर निगम और हावड़ा सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बेइलियास रोड और बेंटरा के नरसिंह दत्त रोड पर सड़क किनारे बनीं लगभग सभी अवैध गुमटियों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

करीब 45 से अधिक गुमटियां जमींदोज

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे फांसितला मोड़ से बेइलियास रोड जामा मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से बनी दुकानों और उनके बढ़े हुए हिस्सों को बुलडोजर से तोड़ना शुरू किया गया। इसके बाद यह अभियान बेंटरा के नरसिंह दत्त रोड तक चलाया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अकेले बेइलियास रोड से ही करीब 45 अवैध गुमटियां हटाई गईं।

हावड़ा नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानदारों को पहले ही खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा में जगह न छोड़ने के कारण यह दंडात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान हावड़ा थाने की भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। बेइलियास रोड पर एक दिव्यांग युवक की दुकान तोड़े जाने पर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया। प्रभावित दुकानदारों ने अब प्रशासन से पुनर्वास की मांग की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in