

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : गुरुवार की शाम हावड़ा जिले के कई लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक सायरन बजने के साथ फ्लैश लाइट जल उठी। इसके बाद फोन की स्क्रीन पर ‘Extremely Severe Alert’ यानी ‘अत्यंत गंभीर अलर्ट’ का संदेश दिखाई दिया। अचानक मिले इस संदेश से कुछ देर के लिए लोगों में चिंता और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, यह किसी आपात स्थिति का संकेत नहीं, बल्कि मौसम को लेकर जारी की गई पूर्व चेतावनी है।
केंद्र की स्वचालित व्यवस्था से भेजा गया संदेश
यह अलर्ट केंद्र सरकार के कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल के तहत मोबाइल फोन पर भेजा गया। मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम की संभावना की जानकारी मिलने पर दूरसंचार कंपनियों के माध्यम से इस तरह के संदेश स्वतः भेजे जाते हैं। इसका उद्देश्य संभावित मौसम संबंधी खतरे को लेकर लोगों को समय रहते सतर्क करना है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:50 बजे से अगले दो-तीन घंटे के दौरान हावड़ा जिले के कुछ हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।