

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा के डोमजुड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सापुईपाड़ा बसुकाठी ग्राम पंचायत में पेयजल कनेक्शन को लेकर शुक्रवार को भारी तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय निवासियों ने पंचायत कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रत्येक परिवार से पानी के कनेक्शन के नाम पर ₹6,000 वसूले गए थे। बाद में सरकार ने वही जल कनेक्शन मुफ्त में उपलब्ध करा दिया। लोगों का दावा है कि उनसे ली गई रकम आज तक वापस नहीं की गई और पंचायत के प्रधान व उपप्रधान ने इस राशि का गबन कर लिया है।
प्रदर्शन के दौरान जब पंचायत के उपप्रधान सौमेंदु गायेन मौके पर पहुंचे, तो भीड़ उग्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेरकर उनके साथ मारपीट की और उन पर अंडे भी फेंके। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
इस भारी हंगामे के बीच, पंचायत प्रधान देवब्रत मंडल ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उन्होंने इस्तीफे का कारण शारीरिक अस्वस्थता बताया और गबन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब यह पैसा लिया गया था, तब वह प्रधान पद पर नहीं थे।