

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हल्दिया पाइपलाइन में लगी आग की घटना का खौफ अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि मंगलवार दोपहर हावड़ा के डोमजूर इलाके में गैस रिसाव की घटना से एक बार फिर दहशत फैल गई। यह हादसा डोमजूर के बलुहाटी स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के सब-स्टेशन नंबर 11 पर हुआ, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों और प्रशासन की त्वरित सूझबूझ से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के घायल या अस्वस्थ होने की खबर नहीं है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सब-स्टेशन पर गैस पाइपलाइन के दबाव को नियंत्रित करने के लिए कई वाल्व लगे हुए हैं। प्राथमिक अनुमान है कि अचानक पाइपलाइन में एलपीजी (LPG) का दबाव अत्यधिक बढ़ गया, जिससे प्रेशर रिलीज वाल्व खुल गया। वाल्व खुलते ही तेज आवाज के साथ गैस तेजी से बाहर निकलने लगी। धमाके जैसी आवाज और गैस की गंध से ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी और स्थानीय ग्रामीण डर गए। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मुख्य नियंत्रण वाल्व को बंद कर गैस के बहाव को रोका।
सूचना मिलते ही डोमजूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आईओसीएल (IOCL) की विशेषज्ञ तकनीकी टीम ने भी आकर पूरे सिस्टम की जांच की और आवश्यक कदम उठाए। अधिकारियों का मानना है कि हल्दिया की तरफ से आ रही गैस के हाई-प्रेशर के कारण यह रिसाव हुआ। पुलिस ने साफ किया है कि हादसे के सटीक तकनीकी कारणों की जांच आईओसीएल की विशेष टीम ही करेगी और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।