निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : मध्य हावड़ा के 184, नेताजी सुभाष रोड स्थित ऐतिहासिक देशबंधु विद्यालय की जमीन पर प्रमोटिंग किए जाने की कथित योजना को लेकर विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को पूर्व छात्रों ने स्कूल परिसर के बाहर बैनर लगाकर विद्यालय को बचाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्कूल निरीक्षक ने विद्यालय का दौरा कर प्रबंधन के साथ बैठक की। वर्ष 1954 से संचालित इस सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल का भवन जर्जर होने के कारण नगर निगम की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है।
जमीन मालिक और प्रबंधन में आरोप-प्रत्यारोप
जमीन के मालिक सुबीर दत्त ने प्रमोटिंग के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे जर्जर भवन की जगह बिना किसी शुल्क के नया स्कूल भवन बनाकर देने को तैयार हैं, जिसकी विभाग से अनुमति भी मिली है। इसके साथ ही उन्होंने टीचर इंचार्ज अरूप दास पर 20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, टीचर इंचार्ज ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए प्रमोटर पर धमकी देने की बात कही और मामले से शिक्षा विभाग को अवगत कराया है।