हावड़ा : बोनट खोलते ही भारी मात्रा में बरामद हुआ गांजा

राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार में लगी आग, चलती कार से उठने लगा धुआं, चालक चकमा देकर फरार
Cannabis Seized From Car Bonnet After Fire Breaks Out in Howrah
कार जिसके बोनट से बरामद किया गया गांजा
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : उल्लूबेड़िया थाना क्षेत्र के निमदिघी इलाके में 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। कोलकाता की ओर जा रही एक सफेद रंग की छोटी चार पहिया प्राइवेट कार में अचानक सामने की तरफ से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते ही चालक ने कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और पानी लाने का बहाना बनाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही उल्लूबेड़िया पुलिस और दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने समय रहते कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

बोनट खोलते ही खुली पोल, पुलिस जांच में जुटी

चालक के अचानक भाग जाने से पुलिस को शक हुआ। इसके बाद जब पुलिस ने कार का बोनट खोलकर तलाशी ली, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। इंजन के पास खाली जगहों में बड़ी मात्रा में गांजे से भरे पैकेट ठूंस-ठूंस कर रखे गए थे। पुलिस ने तुरंत कार और उसमें मौजूद सारा गांजा जब्त कर लिया है। फिलहाल उल्लूबेड़िया थाना पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही फरार चालक और कार के असली मालिक की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in