हावड़ा के बहुमंजिली इमारत में लगी आग में वृद्धा की मौत

कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया
Howrah Building Fire: Elderly Woman Dies, 12 Rescued in Uttarayan Apartments
इमारत में लगी आग से दौरान निवासियों को बाहर निकालते दमकल कर्मी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के डोमजूड़ थाना अंतर्गत आंदुल-मौड़ी स्थित आमतला इलाके में बुधवार की दोपहर एक बहुमंजिली आवासीय इमारत उत्तरायण में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते इमारत की तीसरी मंजिल से घना धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। उस समय विभिन्न फ्लैटों और मंजिलों पर मौजूद कई निवासी अंदर फंस गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ प्राथमिकता के आधार पर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद 12 निवासियों को इमारत से बाहर निकाल लिया गया और और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं इस अग्निकांड में घायल 72 वर्षीय गोपा मुखर्जी की गंभीर चोटों से जान चली गयी।

पांच दमकल गाड़ियां पहुंचीं, तीन दिन तक इमारत रहेगी बंद

बताया गया है कि गोपा के फ्लैट में ही आग लगी थी। मौके पर पहुंचे हावड़ा पुलिस के डीसी नार्थ गणेश विश्वास ने बताया कि फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग आग के स्रोत और उसके फैलने के कारणों की जांच करेगा। साथ ही इमारत में अग्नि सुरक्षा और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने फिलहाल इमारत को तीन दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। वहां रहने वाले लोगों से रिश्तेदारों के यहां अस्थायी रूप से रहने को कहा गया है। जिन निवासियों को रहने में परेशानी होगी, उनके लिए प्रशासन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही गई है। नुकसान का सही आकलन बचाव कार्य पूरी तरह समाप्त होने और जांच के बाद ही हो सकेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in