बीजेपी कार्यकर्ता व उनके बुजुर्ग माता-पिता से मारपीट का आरोप, दो गिरफ्तार

BJP Worker and Elderly Parents Assaulted Over Parking Dispute in Howrah
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के नाजीरगंज स्थित बर्फ कल इलाके में घर के सामने लॉरी और बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता प्रदीप घोष का परिवार उनके घर के आगे वाहन पार्क करने का विरोध कर रहा था। बहस बढ़ने पर कुछ उपद्रवियों ने घर में घुसकर प्रदीप के बुजुर्ग पिता कृष्णपद घोष और मां मालती घोष के साथ बदसलूकी व मारपीट की। माता-पिता को बचाने पहुंचे प्रदीप की भी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पार्किंग के विवाद से शुरू हुई मारपीट

कृष्णपद को इलाज के लिए हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग प्रदीप के घर के सामने जमा हो गए, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल और रैफ को तैनात किया गया। सूचना पाकर पहुंचे दक्षिण हावड़ा के बीजेपी नेता श्यामल हाती ने आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थित बदमाशों ने पार्टी कार्यकर्ता और उनके वृद्ध माता-पिता पर हमला किया है। प्रदीप घोष ने नाजीरगंज पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दो आरोपियों की पहचान की और उन्हें रात में ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल इलाके में पुलिस बल मौजूद है और स्थिति नियंत्रण में है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in