हावड़ा : कचरे के पहाड़ का हिस्सा ढहा, इलाके में बढ़ी दहशत !

लिलुआ बी रोड पर हुआ हादसा, मलबे की चपेट में आया अस्थायी घर
Howrah Belgachia Dumpyard Collapse: Garbage Mound Caves In Amid Rain
फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : लगातार बारिश के बीच हावड़ा के बेलगछिया इलाके में कचरे के विशाल ढेर का एक हिस्सा अचानक ढह जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। लिलुआ बी रोड के हरिश कॉलोनी संलग्न इलाके में यह घटना हुई। कचरे के पहाड़ के ऊपर का काफी हिस्सा नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से उसके नीचे मौजूद एक अस्थायी घर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही हावड़ा नगर निगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बायोमाइनिंग का काम बारिश के कारण था बंद

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, बेलगछिया के कचरे के पहाड़ को बायोमाइनिंग पद्धति से हटाने का काम चल रहा है। पिछले कई दिनों से लगातार बारिश के कारण यह प्रक्रिया रोक दी गई थी। प्राथमिक अनुमान है कि अत्यधिक बारिश के चलते कचरे के ढेर के ऊपरी हिस्से की मिट्टी ढीली हो गई और उसका एक हिस्सा नीचे खिसक गया। नगर निगम की ओर से फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तत्काल घबराने की कोई वजह नहीं है। हालांकि नगर निगम के आश्वासन के बावजूद स्थानीय लोगों की चिंता कम नहीं हुई है। उनका कहना है कि बारिश जारी रहने पर कचरे के ढेर का और हिस्सा ढह सकता है। इससे आसपास बने कई अस्थायी घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।गौरतलब है कि पिछले वर्ष मार्च में भी बेलगछिया भगाड़ में कचरे के ढेर का बड़ा हिस्सा धंस गया था। उस घटना में इलाके की महत्वपूर्ण निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई थी और कई अस्थायी झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके बाद क्षेत्र को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी की जरूरत महसूस की गई थी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in