हावड़ा में सरकारी सुविधाएं न मिलने पर पंचायत कार्यालय का घेराव

Howrah Protest: Villagers Gherao Bankra Panchayat Over Lack of Services, Central Forces Deployed
पंचायत कार्यालय में की गयी तोड़फोड़
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सरकारी सुविधाएं और सेवाएं न मिलने से नाराज स्थानीय लोगों ने मंगलवार को बांकड़ा नंबर-3 ग्राम पंचायत कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि आक्रोशित भीड़ ने पंचायत कार्यालय की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। बिगड़ते हालात को काबू में करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बल के जवानों को भी मौके पर तैनात करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के इस मौसम में इलाके की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हल्की सी बारिश होते ही पूरी सड़कें पानी में डूब जाती हैं, जिससे लोगों का घर से निकलना मुहाल हो गया है। इसके अलावा, लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत की ओर से दी जाने वाली तिरपाल और कपड़े जैसी राहत सामग्री जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रही है/

खिड़कियों के शीशे तोड़े; केंद्रीय बल तैनात

आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) संचालित इस पंचायत की प्रधान टुकटुकी शेख पर सीधा निशाना साधते हुए सरकारी योजनाओं में भारी पक्षपात और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। ग्रामीणों का दावा है कि 'अन्नपूर्णा भंडार' जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का लाभ केवल तृणमूल समर्थकों को ही दिया जा रहा है, जबकि गरीब और आम लोग इससे पूरी तरह वंचित हैं। इन्हीं मांगों को लेकर लोगों ने प्रधान के दफ्तर में घुसकर उनका घेराव किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और केंद्रीय बलों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। हालांकि, इन गंभीर आरोपों पर पंचायत की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in