निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा के बाली स्थित बेलूर स्टेशन रोड पर एक राजनीतिक कार्यालय को लेकर स्थानीय राजनीति में अचानक चर्चा और सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद प्राणकृष्ण मजूमदार उर्फ नान्टू के कथित कब्जे में रहे एक कमरे पर अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना नया झंडा बुलंद करते हुए वहां पार्टी दफ्तर खोल दिया है।
भाजपा के बाली मंडल-1 के अध्यक्ष दीपक यादव ने इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व तृणमूल पार्षद ने राजनीतिक रसूख के बल पर वर्षों तक बिना कोई किराया दिए और मकान मालिक पर दबाव बनाकर इस कमरे पर अवैध कब्जा कर रखा था। आरोप यह भी है कि जब भी मकान मालिक ने इसका विरोध किया, तो उन्हें राहत मिलने के बजाय धमकियों और मारपीट का सामना करना पड़ा।
भाजपा कर्मियों ने कहा- रेंट एग्रीमेंट के बाद खुला कार्यालय
भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि अब इस कमरे को कथित कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है। इसके बाद भाजपा ने मकान मालिक के साथ विधिवत कानूनी किरायानामा (रेंट एग्रीमेंट) तैयार किया और आपसी सहमति से वहां भाजपा कार्यालय की शुरुआत की, जिससे पीड़ित मकान मालिक भी अब पूरी तरह संतुष्ट हैं। दूसरी तरफ, भाजपा द्वारा लगाए गए इन संगीन आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस या पूर्व पार्षद प्राणकृष्ण मजूमदार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या सफाई सामने नहीं आई है।