सरकारी नौकरी का सपना रह गया अधूरा

रेलवे परीक्षा देने जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
Tragic Accident in Howrah: Candidate Dies on Way to Railway Exam in Bagnan
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला अंतर्गत बागनान में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार तड़के मानकूर-बागनान रोड के पातिनान इलाके में एक मालवाहक वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रेलवे की प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे 31 वर्षीय युवक अब्दुल आकिब की मौके पर ही मौत हो गई। आकिब सबसिट के सत्यपीरतला के निवासी थे।

आकिब का परीक्षा केंद्र साल्ट लेक सेक्टर 5 स्थित टीसीएस गीत बितन में था, जहाँ सुबह 7:30 बजे रिपोर्टिंग टाइम था। दूर का सफर होने के कारण वे सुबह करीब 3:30 बजे घर से ऑटो पकड़कर बागनान स्टेशन के लिए निकले थे, लेकिन स्टेशन पहुँचने से पहले ही यह दुखद दुर्घटना घट गई।

ऑटो चालक की लापरवाही और परिवार का टूटता सहारा

पुलिस के अनुसार, आकिब ऑटो के दाहिनी ओर बैठे थे। टक्कर लगते ही वे सड़क पर जा गिरे। बागनान ग्रामीण अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक महिला यात्री भी घायल हुई है।

आकिब स्नातक थे और ट्यूशन पढ़ाने के साथ-साथ परिवार चलाने के लिए आइसक्रीम की दुकान भी चलाते थे। वे अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑटो में दाहिनी ओर सवारी बैठाने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, फिर भी लापरवाही जारी रही।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in