

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: तारापीठ और कोलकाता के होटलों में हाल में हुए अग्निकांड के बाद हावड़ा में भी अग्निशमन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार को जिला दमकल विभाग की टीम ने शिवपुर स्थित अवनी मॉल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मॉल की सभी छह मंजिलों पर आग से बचाव के इंतजामों की बारीकी से जांच की।
रिजर्वायर से लेकर स्मोक डिटेक्टर तक की जांच
निरीक्षण के दौरान दमकल अधिकारियों ने अंडरग्राउंड रिजर्वायर, छत पर मौजूद पानी की टंकी, स्प्रिंकलर, स्मोक डिटेक्टर और फायर एक्सटिंग्विशर की स्थिति देखी। इसके अलावा मॉल के एंट्री और एग्जिट गेट तथा आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था भी परखी गई। अधिकारियों ने यह भी जांचा कि आग बुझाने वाले उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं।
मॉल में नियमित रूप से फायर ऑडिट किया जाता है : प्रबंधन
हावड़ा दमकल विभाग के स्टेशन ऑफिसर अभिजीत दास ने बताया कि मॉल की अग्निशमन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया है। जांच के दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, वहां मॉल प्रबंधन को आवश्यक सुझाव और निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, अवनी मॉल के ऑपरेशन मैनेजर विश्वस्वरूप बनर्जी ने बताया कि मॉल में नियमित रूप से फायर ऑडिट किया जाता है। फायर एक्सटिंग्विशर और स्प्रिंकलर की भी समय-समय पर जांच होती है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन व्यवस्था की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियमित निरीक्षण करते हैं।