

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: फीफा विश्व कप 2026 के रोमांच के बीच पश्चिम बंगाल में फुटबॉल का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। रविवार सुबह होने वाले अर्जेंटीना के एक बेहद अहम और बड़े मुकाबले से पहले हावड़ा के रामराजातला इलाके में फुटबॉल प्रशंसकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस फुटबॉल महाकुंभ को लेकर फैंस के बीच दीवानगी इस कदर है कि लोग अपनी पसंदीदा टीम को सपोर्ट करने के लिए अनोखे तरीके अपना रहे हैं।
इलाके की रहने वाली और अर्जेंटीना की धुर समर्थक कृतिका विश्वास ने इस मैच से पहले खुद को पूरी तरह से अर्जेंटीना के रंग में रंग लिया है। उन्होंने विशेष थीम-आधारित मेकअप और परिधान के जरिए अर्जेंटीना की संस्कृति और फुटबॉल के प्रति अगाध प्रेम की एक खूबसूरत झलक पेश की, जो सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
विशेष मेकअप और परिधान के जरिए फैंस ने पेश की फुटबॉल प्रेम की अनूठी झलक
कृतिका विश्वास का कहना है कि यह अनोखा अंदाज उनके पसंदीदा देश और टीम लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना के प्रति गहरे प्रेम और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने टीम की शानदार जीत की कामना करते हुए सभी फुटबॉल प्रेमियों से खेल भावना बनाए रखने और अपनी पसंदीदा टीम का सकारात्मक व शांतिपूर्ण तरीके से समर्थन करने की अपील की है। फिलहाल, मैच को लेकर हावड़ा के फुटबॉल प्रशंसकों में अर्जेंटीना की जीत का दावा और भारी उत्साह साफ देखा जा रहा है।