हावड़ा के अंकुरहाटी मोड़ पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त

फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ
Howrah Ankurhati Encroachments Demolished for NH-16 Flyover Project
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : राष्ट्रीय राजमार्ग 16 (NH-16) के अंकुरहाटी मोड़ पर लंबे समय से जारी ट्रैफिक जाम और हादसों की समस्या से जल्द राहत मिलने जा रही है। अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने भारी पुलिस बल और आरएएफ की मौजूदगी में दो जेसीबी मशीनों से कई अवैध दुकानों, झोपड़ियों और एक तीन मंजिला इमारत को ध्वस्त कर दिया।

मुआवजे के बाद भी जारी था अवैध कब्जा

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अंकुरहाटी मोड़ पर स्थित तीन मंजिला इमारत में पिछले आठ वर्षों से कई दुकानें और व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं। एनएचएआई ने राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए काफी समय पहले ही मुआवजा देकर जमीन खाली करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अवैध रूप से व्यवसाय चलाया जा रहा था, जिससे आमता रोड और माकड़दह की ओर से आने वाले वाहनों के कारण दिनभर जाम लगा रहता था और एंबुलेंस तक फंस जाती थीं।

जाम और हादसों से मिलेगी स्थायी मुक्ति

इस डिमोलिशन ड्राइव के बाद एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि अब इस व्यस्त चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया जाएगा। फ्लाईओवर बनने से न केवल ट्रैफिक सुगम होगा, बल्कि हादसों की आशंका भी काफी कम हो जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in