हावड़ा : मिट्टी का मकान गिरने से युवक की मौत

Youth Dies After Mud House Collapses in Howrah's Amta
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : आमता थाना के घोड़ाबेड़िया मल्लिकपाड़ा में दोमंजिला मिट्टी का मकान अचानक ढह जाने से उसके मलबे के नीचे दबकर 21 वर्षीय युवक शरीफुल मल्लिक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भटोरा जांच केंद्र की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उल्लूबेड़िया शरत चंद्र चट्टोपाध्याय गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

कोलकाता में दर्जी का काम करता था मृतक

स्थानीय सूत्रों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शरीफुल कोलकाता में एक दर्जी (टेलर) के रूप में काम करता था और वहीं रहता था। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी बिताने अपने घर आया हुआ था। वह अपने घर के पास ही दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। तभी उसकी मां ने उसे रात के खाने के लिए आवाज दी। मां के बुलाने पर शरीफुल खाना खाने से पहले घर के पास लगे नल पर हाथ-पैर धोने गया था।

अचानक ढह गया मकान, अस्पताल में मृत घोषित

हाथ-पैर धोते समय अचानक उनका दोमंजिला मिट्टी का मकान भरभराकर ढह गया और शरीफुल उसके एक हिस्से के मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया। गनीमत यह रही कि मकान में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य समय रहते तेजी से बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे से शरीफुल को निकालकर स्थानीय अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in