

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : उत्तर हावड़ा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल विधायक और जिला सदर तृणमूल अध्यक्ष गौतम चौधरी के सलकिया स्थित पार्टी कार्यालय पर हावड़ा नगर निगम (HMC) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बने कार्यालय के ढांचे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
नियमों के उल्लंघन पर निगम की सख्त कार्रवाई
हावड़ा नगर निगम के अनुसार, सलकिया में स्थित इस पार्टी कार्यालय का निर्माण तय मानकों और नियमों के अनुरूप नहीं किया गया था। निगम द्वारा निर्माण को लेकर पहले आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मंगलवार को अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से अवैध हिस्से को गिरा दिया गया।
पूर्व विधायक का बयान और इलाके में राजनीतिक सरगर्मी
कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक गौतम चौधरी ने कहा कि नगर निगम ने इस निर्माण को अवैध घोषित किया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। सत्ताधारी दल के पूर्व विधायक के कार्यालय पर निगम के इस कदम के बाद सलकिया और आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल और चर्चाएं तेज हो गई हैं।