

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व बैंक की उस रिपोर्ट की सराहना की है, जिसमें कहा गया है कि भारत ने दुनिया में गरीबी में सबसे तेज गिरावट दर्ज करने वाले देशों में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें बॉलीवुड फिल्म ‘दसवीं’ का प्रेरणादायक गीत ‘ठान लिया’ पृष्ठभूमि में सुनाई दे रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने गरीबी में आई ‘ऐतिहासिक’ गिरावट को देश में अवसरों के विस्तार की दिशा में पीढ़ीगत बदलाव का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के दशकों पुराने ‘गरीबी हटाओ’ अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि गरीबी उन्मूलन उनकी सरकार के लिए महज एक नारा नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प रहा है। उन्होंने कहा, ‘विश्व बैंक का कहना है कि भारत ने दुनिया में गरीबी में सबसे तेज गिरावट दर्ज की है।’
2011 से 2023 तक 49,6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
विश्व बैंक का हवाला देते हुए मोदी ने बताया कि 2011 से 2023 के बीच 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान अत्यधिक गरीबी की दर में 90 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह हर चार में से एक से अधिक भारतीय के स्तर से घटकर लगभग 38 में से एक रह गई। उन्होंने कहा, ‘महज छह वर्षों में रोजगार के अवसरों में 13.4 करोड़ की वृद्धि हुई। यह भारत की कामकाजी उम्र की आबादी में हुई वृद्धि से लगभग दोगुनी है।’
असमानता में कमी आई
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि असमानता में काफी कमी आई है। आर्थिक असमानता मापने के प्रमुख पैमाने भारत का गिनी सूचकांक 20% से अधिक घटकर 23.0 पर आ गया है।
‘इंडिया पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ : अक्टूबर 2026’ शीर्षक वाली विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 के 27.1% से घटकर 2023 में 2.6% रह गई। ये अनुमान प्रतिदिन 4.20 अमेरिकी डॉलर की निम्न-मध्यम आय वाले देशों की गरीबी सीमा और प्रतिदिन 3 डॉलर की अत्यधिक गरीबी सीमा पर आधारित हैं। इनकी गणना 2021 की क्रय शक्ति समता (पीपीपी) के आधार पर की गई है।
गरीबी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति
रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले एक दशक में भारत ने मौद्रिक और गैर-मौद्रिक, दोनों पैमानों पर गरीबी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए पोस्ट में इस्तेमाल किया गया गीत ‘ठान लिया’ सुखविंदर सिंह और तनिष्का सांघवी ने गाया है। यह आत्मविश्वास, दृढ़ता और संकल्प का प्रभावशाली संदेश देता है।
अभिषेक बच्चन और यामी गौतम अभिनीत 2022 की फिल्म ‘दसवीं’ में यह गीत एक ऐसे नेता की कहानी के साथ चलता है, जो जेल में रहते हुए उच्च विद्यालय की बोर्ड परीक्षा देने और उसे पास करने का फैसला करता है। यह गीत प्रेरणादायक संदेश देता है कि बाधाएं चाहे कितनी भी हों, समर्पण और कड़ी मेहनत से कोई भी व्यक्ति मुश्किलों पर काबू पाकर अपने सपनों को साकार कर सकता है।