गुजरात में राजमार्ग पर उतरे सेना के चार विमान!

NHAI के बेहतर बुनियादी ढांचे से संभव हुआ सेना का अभ्यास
army_turns_highway_into_runway
सेना ने राजमार्ग को बनाया अपने विमानों का रनवे!
Published on: 

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजमार्गों की रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए भारतीय सेना के चार विमान 24 नवंबर को गुजरात के पाटन में अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे (NH-754A) पर उतरे।

गुजरात के पाटन जिले में किया गया यह अभ्यास

आधिकारियों ने गुरुवार कोबताया कि सेना की टीम ‘माउंटेन ईगल्स’ के ये विमान (दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट विमान और दो मोटर चालित हैंग ग्लाइडर) मध्य प्रदेश के महू स्थित मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (MCTE) के आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर (AANC) की ओर से आयोजित ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपेडिशन 2026’ के तहत कांडला हवाईअड्डे से रवाना हुए थे। यह अभ्यास 24 नवंबर को गुजरात के पाटन जिले में किया गया।

यातायात भार को सहने के लिए तैयार किया गया था राजमार्ग

राजमार्ग के इस हिस्से को 17 करोड़ मानक धुरी भार (स्टैंडर्ड एक्सल) के यातायात भार को सहने के हिसाब से तैयार किया गया है। इसमें सड़क की ऊपरी परत की मोटाई 550 मिलीमीटर और उसके नीचे की मिट्टी की परत (सबग्रेड) की मोटाई 500 मिलीमीटर है। विमानों के इस राजमार्ग पर उतरने से गलियारे की इंजीनियरिंग क्षमता और विशेष उद्देश्यों के लिए उपयुक्त राजमार्गों के इस्तेमाल की संभावनाओं की ओर ध्यान गया। हालांकि ऐसे इस्तेमाल तकनीकी आकलन, परिचालन संबंधी जरूरतों और जरूरी सुरक्षा मंजूरियों पर निर्भर करेंगे।

गडकरी ने दी बधाई

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रदर्शन को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए भारतीय सेना की टीम ‘माउंटेन ईगल्स’, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और संबंधित अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने गुरुवार को अहमदाबाद में कहा कि भारतीय सेना की एअरो-एडवेंचर टीम ने चार माइक्रोलाइट विमानों को निर्धारित राजमार्ग के एक हिस्से पर सफलतापूर्वक उतरने और वहां से उड़ान भरने का अभ्यास किया है, जो एक ‘उल्लेखनीय उपलब्धि’ है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News