उप-चुनाव के कारण बदला हायर सेकेंडरी परीक्षा का शेड्यूल

परीक्षा की नई तारीखें जारी, 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक
उप-चुनाव के कारण बदला हायर सेकेंडरी परीक्षा का शेड्यूल
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 6 अक्टूबर को होने वाले उप-चुनावों के चलते उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) ने हायर सेकेंडरी के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं का शेड्यूल बदल दिया है। मूल कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं बिल्कुल उसी दिन आयोजित होनी थीं, लेकिन चुनाव और 9 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के मद्देनजर तारीखों में यह आवश्यक बदलाव किया गया है। काउंसिल द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, यह संशोधित परीक्षा शेड्यूल राज्यभर के सभी तीसरे सेमेस्टर के परीक्षार्थियों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा, ताकि किसी भी छात्र को असुविधा का सामना न करना पड़े।

तीन दिनों की परीक्षाओं का बदला शेड्यूल

संशोधित समय सारणी के अनुसार, 5 अक्टूबर को होने वाली विभिन्न विषयों की परीक्षाएं अब 12 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। वहीं, 6 अक्टूबर को निर्धारित परीक्षाएं 13 अक्टूबर को और 7 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाएं अब 14 अक्टूबर को संपन्न होंगी। काउंसिल ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल इन 3 दिनों के परीक्षा शेड्यूल में ही परिवर्तन किया गया है, जबकि 25 जून को जारी मूल अधिसूचना के बाकी सभी नियम और निर्देश पूर्ववत रहेंगे। इस बड़े बदलाव के चलते अब परीक्षाएं 7 अक्टूबर की बजाय सीधे 14 अक्टूबर यानी दुर्गा पूजा की 'चतुर्थी' के दिन समाप्त होंगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in