चक्रवात के प्रभाव से निपटने के लिए नवान्न में हुई उच्च स्तरीय बैठक

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को नवान्न में अहम बैठक करते हुए
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को नवान्न में अहम बैठक करते हुए
Published on: 

कोलकाता : बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार चक्रवात ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और गृह सचिव संघमित्रा घोष, डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता, डीजी लॉ एंड ऑर्डर अजेय मुकुंद रानाडे, प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका वाले विभिन्न विभागों और जिलों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। जिलों से भी वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

नवान्न की बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े वरिष्ठ अधिकारी
नवान्न की बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े वरिष्ठ अधिकारी

मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार स्थिति पर करीबी नजर रख रही है और साथ ही, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने व राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा, “आपदा से निपटने की अग्रिम तैयारियों, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जरूरी इंतजाम करने और हर स्थिति में प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई के जरिए लोगों की जान-माल की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” शुभेंदु ने कहा कि प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवात ‘अकवान’ सुबह करीब आठ बजे तट से टकराया और 11 बजकर 20 मिनट तक इसका प्रभाव रहा। चक्रवात सुबह 7.30 बजे से 8.30 बजे के बीच गोपालपुर के पास दक्षिण ओडिशा तट और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट से गुजरा।इस दौरान हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गयी थी। आईएमडी के अनुसार, दोपहर एक बजे तक चक्रवाती तूफान कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया। उस समय ओडिशा के दक्षिणी तट में हवा की गति 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटा थी और झोंकों की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक थी। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बृहस्पतिवार से बारिश हो रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News