ज्यादा चीनी-नमक-फैट वाले फूड पैकेटों पर लगेंगे छह कोनों वाला लाल निशान

सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को आदेश : लाल निशान के साथ खाद्य पदार्थों के पैकेट पर पोषण संबंधी चेतावनी देनी होगी
hexagonal_red_sign_must_on_food_packats
फूड पैकेटों पर लगेंगे षट्कोणीय लाल निशान
Published on: 

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को निर्देश दिये कि खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने वाले हिस्से पर पर वॉर्निंग सिंबल यानी खतरे का निशान लगाया जाये। जिन खाद्य पैकेटों में चीनी, नमक या वसा (फैट) ज्यादा होगा, उन पर अलग-अलग लाल निशान लगाने होंगे। हर निशान षट्कोणीय हो। उसमें संबंधित खाद्य पदार्थ की तस्वीर के साथ ‘हाई शुगर’ (अतिरिक्त चीनी), ‘हाई सॉल्ट’(अतिरिक्त नमक) या ‘हाई फैट’(अतिरिक्त वसा) लिखा हो।

FOPNL अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश

न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला की अगुवाई वाले पीठ ने सार्वजनिक धर्मार्थ न्यास ‘3एस एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ की ओर से दायर याचिका पर यह फैसला सुनाया। याचिका में केंद्र और राज्यों को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर पोषण संबंधी जानकारी (FOPNL) व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से यह सुनिश्चित करने को कहा कि FOPNL में प्रत्येक षट्कोणीय (छह कोनों वाला) चिह्न के भीतर स्वास्थ्य की दृष्टि से चिंता का विषय माने जाने वाले संबंधित पोषक तत्व का मानकीकृत चित्रात्मक प्रतीक हो। जिससे उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की खरीद और स्वास्थ्यवर्धक आहार के चयन के संबंध में सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद मिले।

प्रत्येक पोषक तत्व की नये सिरे से सीमा तय करेगा FSSAI

पीठ ने कहा कि FSSAI यह सुनिश्चित करे कि भारतीयों के लिए आहार संबंधी दिशा-निर्देश (DGI), 2024 से पहले इस संबंध में उसकी अपनी लंबे समय से चली आ रही सहमति के अनुरूप FOPNL में ‘नमक’ के साथ-साथ ‘अतिरिक्त चीनी’ और ‘अतिरिक्त वसा’ के बजाय ‘कुल शर्करा’ और ‘संतृप्त वसा’ को स्वास्थ्य की दृष्टि से चिंता का विषय माने जाने वाले पोषक तत्वों के रूप में दर्शाया जाये। पीठ ने कहा कि FSSAI ऐसे प्रत्येक पोषक तत्व की निर्धारित सीमा की समीक्षा करे और उसे नये सिरे से तय करे।

भ्रामक जानकारी पर कड़ी नजर

पीठ ने कहा कि जिन मीठे पेय पदार्थों में संबंधित पोषक तत्व की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक नहीं है, उनके संबंध में FSSAI यह सुनिश्चित करे कि उनकी खाद्य श्रेणी दर्शाने के लिए पैकेट के सामने ऐसा कोई लेबल न लगाया जाये, जो दिखने में, स्वरूप या आकार में निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा वाले पेय पदार्थों के लिए अनिवार्य चेतावनी लेबल के समान हो या भ्रामक रूप से उससे मिलता-जुलता हो।

प्रस्तावित समय-सीमा में ही नियमों पर अमल

पीठ ने गौर किया कि FSSAI ने अपने हलफनामे में कहा है कि वह FOPNL व्यवस्था को एक ही चरण में लागू करने का प्रस्ताव रखता है। पीठ ने कहा कि FSSAI अपने द्वारा प्रस्तावित समय-सीमा के भीतर नियमों को प्रभावी बनाये। FSSAI ने पीठ को बताया कि मसौदा नियमों को जारी करने और अंतिम रूप देने के लिए उसे लगभग चार महीने का समय लगेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News