बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में 6 लोगों की मौत
चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से वापस लौट रहे एक हेलिकॉप्टर की लोकेशन गायब हो गई। बदरीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच हेलिकॉप्टर के लापता होने की सूचना प्रशासन को मिली है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हेलिकॉप्टर के लोकेशन न मिलने की खबर मिलने के साथ-साथ प्रशासन ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक खराब मौसम के चलते चांई और थैंग गांव के ऊपर यह हादसा हुआ। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि हेलिकॉप्टर पर सवार सभी 6 लोगों की हादसे में मौत हो गई है। सेना की सूचना पर प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हादसे की पुष्टि की।
ऋषिकेश की ओर जा रहा था चॉपर
मालूम हो कि 30 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलिकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा था। खराब मौसम की वजह से चांई और थैंग गांव के ऊपर हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हादसे में सवार सभी 6 लोगों की मौत की सूचना मिली है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सेना की ओर से इस पूरी घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हेलिकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

