

जिला प्रशासन ने 15 मिनट में शुरू किया बचाव अभियान
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : पवन हंस का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह मायाबंदर हेलीपैड पर उतरने का प्रयास करते समय समुद्र में उतर गया। घटना सुबह लगभग 9:50 बजे की बताई जा रही है, जब सूचना मिली कि हेलीकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड तक नहीं पहुंच पाया है। घटना के सटीक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। यह भी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि हेलीकॉप्टर को एहतियातन (आपात लैंडिंग) के तहत समुद्र में उतारा गया या लैंडिंग के दौरान वह अनियंत्रित हो गया था। प्रशासन द्वारा विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, हेलीकॉप्टर में एक शिशु और तीन महिलाओं सहित कुल पांच यात्री सवार थे। घटना के दौरान एक महिला यात्री को सिर में चोट लगने की सूचना है। हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सीय उपचार प्रदान किया गया। वर्तमान में सभी यात्री चिकित्सा निगरानी में हैं। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जा सकता है। मायाबंदर हेडक्वार्टर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्री कृष्ण चैतन्य ने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने 15 मिनट के भीतर त्वरित बचाव अभियान शुरू कर दिया। वन विभाग के कर्मियों, पुलिस की नौकाओं तथा स्थानीय मछुआरों की सहायता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पायलट और सह-पायलट को भी सुरक्षित बाहर लाया गया। दोनों को सुरक्षित बताया गया है, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि समुद्र में हेलीकॉप्टर का उतरना एक गंभीर घटना थी, लेकिन सौभाग्यवश किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि फिलहाल पायलट सदमे में हैं और बातचीत की स्थिति में नहीं हैं। कुछ समय बाद उनसे पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी प्राप्त की जाएगी। हेलीकॉप्टर को समुद्र से बाहर निकालने के लिए प्रशासन की ओर से प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की जानकारी शीघ्र ही साझा की जाएगी।