निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : इंडो-नेपाल सीमा के खड़िबाड़ी क्षेत्र से एक अफगान नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अफगान नागरिक की पहचान अब्दुल्लाह खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब चार वर्ष से हावड़ा के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 8 नंबर शील बस्ती लेन स्थित एक फ्लैट में रहता था। पुलिस ने उसके एक दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बताया जा रहा है कि अब्दुल्लाह का एक और दोस्त नियामत खान भी पास के एक अन्य फ्लैट में रहता था जो नदारद है। अब्दुल्ला खान के पास से फर्जी तरीके से बनवाए गए भारतीय आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक खाते के दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी ने हावड़ा में प्रवास के दौरान पैसे के दम पर यह सभी जाली दस्तावेज तैयार करवाए थे।
अभियुक्तों के पास से फर्जी दस्तावेज मिलने का आरोप
जब आरोपी अपने भारतीय दोस्त शंकर वणिक (निवासी दत्ताबाद, बिधाननगर) के साथ नेपाल के रास्ते थाईलैंड भागने के फिराक में था, तब इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दौरान फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस के लुकआउट सर्कुलर नोटिस के जरिए उसकी पहचान हुई और अधिकारियों ने दोनों को तुरंत दबोच लिया। मिली जानकारी के अनुसार, अब्दुल्लाह पेशे से काबुलीवाला था और कथित तौर पर ऊंची ब्याज दर पर लोगों को रुपये उधार देने का काम करता था। उसका मूल निवास अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे दोनों नेपाल के रास्ते थाईलैंड भागने की तैयारी में थे। इस मामले में शिवपुर थाने की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अब्दुल्लाह खान के पाकिस्तान अथवा किसी अन्य देश में कोई संपर्क या संबंध हैं या नहीं। पुलिस ने दोनों को सिलीगुड़ी सब-डिविजनल कोर्ट में पेश कर हिरासत में लिया है।