

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के उलूबेड़िया शहर में लंबे समय से जारी भीषण ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने शहर के बीचों-बीच गुजरने वाली ओल्ड ट्रंक (OT) रोड पर दिन के समय मालवाहक वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध (नो एंट्री) लगा दिया है।
सुबह 8 से रात 10 बजे तक लागू रहेगा प्रतिबंध
नए प्रशासनिक नियमों के अनुसार, सुबह 8 बजे से लेकर रात 10 बजे तक ओल्ड ट्रंक रोड पर किसी भी भारी मालवाहक वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस प्रशासन आवश्यकतानुसार इन वाहनों को बाईपास रास्ते से डायवर्ट करेगा। उलूबेड़िया कोर्ट, कॉलेज, गोरुहाटा मोड़ और स्टेशन मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर सुबह और शाम के समय वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, जिससे स्कूली बच्चों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
स्थानीय लोगों ने फैसले का किया स्वागत
हालांकि शहर के बाहर एक बाईपास सड़क का निर्माण किया गया है, लेकिन इसका काम आंशिक रूप से अधूरा होने के कारण भारी वाहन शहर के अंदरूनी रास्तों से गुजर रहे थे। प्रशासन के इस निर्णय का स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया है। इसके साथ ही नागरिकों ने मांग की है कि ओल्ड ट्रंक रोड पर अनियंत्रित रूप से चल रहे ऑटो और टोटो के परिचालन पर भी लगाम लगाई जाए।