लगातार बारिश ने हावड़ा को किया बेहाल, 20 वार्डों में घुटनों तक जमा पानी

टिकियापाड़ा से सलकिया तक जलजमाव, घरों में घुसा गंदा पानी,सलकिया में भारी बारिश से मकान का हिस्सा ढहा
Heavy Rain In Howrah Waterlogging In 20 Wards Pump Operation On
सालकिया में भारी बारिश के बीच मकान का एक हिस्सा ढहा, रॉड काटकर बुजुर्ग को सुरक्षित निकाला गया
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : निम्न दबाव के प्रभाव से लगातार हो रही भारी बारिश ने हावड़ा शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। रविवार की रात से रुक-रुककर व साेमवार की सुबह से हुई लगातार तेज बारिश के कारण हावड़ा नगर निगम के 50 वार्डों में से कम से कम 20 वार्डों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में घुटनों तक पानी जमा है, जबकि कुछ स्थानों पर टखने से अधिक पानी सड़कों पर बह रहा है। निचले इलाकों में स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। टिकियापाड़ा, सलकिया, बेलगछिया, घुसुड़ी और रामराजातला समेत कई इलाकों में सड़कें और गलियां पानी में डूबी हुई हैं। कई घरों में भी गंदा पानी घुस गया है। इससे लोगों को घर से निकलने, काम पर जाने और रोजमर्रा के जरूरी कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अतिरिक्त पंप लगाकर गंगा में छोड़ा जा रहा पानी

लगातार बारिश के कारण जलजमाव का दायरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है। हावड़ा नगर निगम के अनुसार जलजमाव वाले विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। इन पंपों की मदद से सड़कों और निचले इलाकों में जमा पानी को तेजी से निकालकर गंगा में छोड़ा जा रहा है। निगम का दावा है कि जलनिकासी के लिए कर्मचारी और मशीनें लगातार काम कर रहे हैं। हालांकि, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पानी निकलने के बाद फिर से जमा हो जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में गंदे पानी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि जलनिकासी की व्यवस्था और तेज की जाए, ताकि बारिश के दौरान उन्हें लंबे समय तक जलजमाव की समस्या न झेलनी पड़े।

सलकिया में भारी बारिश से मकान का हिस्सा ढहा

 लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हावड़ा के सलकिया इलाके में एक पुराने जर्जर मकान का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में एक बुजुर्ग मकान के मलबे और अंदरूनी हिस्से में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहत व बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई की। बचाव कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खिड़की की लोहे की रॉड को काटकर बुजुर्ग को सकुशल बाहर निकाला। वहीं इस घटना के बाद से प्रशासन द्वारा इलाके में परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in