अंडमान-निकोबार में 5 दिन भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

अंडमान में मौसम विभाग का रेड अलर्ट, मछुआरों और किसानों के लिए चेतावनी जारी
अंडमान-निकोबार में 5 दिन भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के राज्य नियंत्रण कक्ष द्वारा जारी ताज़ा मौसम चेतावनी के अनुसार, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अगले पाँच दिनों तक भारी वर्षा, तेज हवाओं और समुद्र में ऊँची लहरों की स्थिति बनी रहने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग ने विशेष रूप से मछुआरों, किसानों और तटीय क्षेत्रों के निवासियों के लिए अनेक महत्वपूर्ण चेतावनियाँ जारी की हैं। श्री विजयपुरम बंदरगाह पर स्थानीय सतर्कता संकेत संख्या 3 फहरा दिया गया है। 23 से 26 नवम्बर के बीच कई चरणों में निकोबार एवं अंडमान द्वीप समूह में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, बिजली गिरने और तेज झोंकों वाली हवाओं की आशंका बनी रहेगी। सोमवार, 24 नवम्बर को निकोबार द्वीप के कई क्षेत्रों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा, 25 और 26 नवम्बर को दोनों द्वीप समूहों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएँ चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मछुआरों को चेतावनी के तहत बताया गया है कि 23 नवम्बर को समुद्र में हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटा रहेगी, जो 24 से 26 नवम्बर के दौरान बढ़कर 50 से 60 किमी प्रति घंटा तथा कभी-कभी 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अत्यधिक उथल-पुथल भरे समुद्री हालात के कारण मछुआरों के लिए इन तिथियों के दौरान समुद्र में प्रवेश करना बेहद जोखिमपूर्ण बताया गया है। कृषि संबंधी चेतावनी के तहत किसानों को सलाह दी गई है कि वे तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के उचित प्रबंध करें तथा खुले स्थानों पर रखे कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करें। राज्य नियंत्रण कक्ष ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अगले अपडेट समय-समय पर जारी किए जाएंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in