अंडमान में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी

अंडमान में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : राज्य नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन निदेशालय ने अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के लिए आगामी सात दिनों की विस्तृत मौसम चेतावनी बुलेटिन जारी की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, कोलकाता के अनुसार, 19 नवम्बर से 25 नवम्बर तक द्वीपसमूह के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज आंधी-तूफान, बिजली गिरने और समुद्र में ऊँची लहरों की संभावना बनी हुई है।

विशेष रूप से बुधवार, 19 नवम्बर से लगातार तीन दिनों तक अंडमान और निकोबार द्वीपों में 07–20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि इस दौरान 40–50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ समय के लिए 55 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। इसके अलावा, शनिवार, 22 नवम्बर और रविवार, 23 नवम्बर को भी भारी वर्षा और तूफानी हवाओं की संभावना बनी रहेगी। सोमवार, 24 नवम्बर और मंगलवार, 25 नवम्बर को बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी

19 नवम्बर से 23 नवम्बर तक अंडमान सागर की स्थिति अत्यंत खराब रहने की संभावना है। समुद्र में सतही हवा की गति 35–45 किमी प्रति घंटे रहेगी, जो कुछ समय के लिए 55 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। इसलिए मछुआरों को इस अवधि में समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है। श्री विजयपुरम पोर्ट पर स्थानीय सतर्कता संकेत संख्या 3 फहराने का निर्देश दिया गया है, जिससे सभी संबंधित अधिकारियों और समुद्री गतिविधियों में लगे लोगों को आवश्यक सतर्कता बरतने के लिए सचेत किया जा सके। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इसके अतिरिक्त, नागरिकों को अपने घरों और परिवहन साधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, ऊँची लहरों और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान से बचने और आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है। यह चेतावनी बुलेटिन इस बात का संकेत है कि आने वाले सप्ताह में मौसम अत्यंत अस्थिर रहने वाला है। इसलिए द्वीपवासियों और मछुआरों को अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए और मौसम विभाग द्वारा जारी नियमित अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in