राज्य में फिर लौटेगी गर्मी, बढ़ेगी उमस और तापमान

बारिश के बाद अब गर्मी दिखाएगी अपना असर
राज्य में फिर लौटेगी गर्मी, बढ़ेगी उमस और तापमान
Published on

उत्तर बंगाल में भारी बारिश, दक्षिण में बढ़ेगी गर्मी

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पिछले कई दिनों से जारी सुहावने मौसम और लगातार बारिश का सिलसिला अब धीरे-धीरे थमता नजर आ रहा है। सुबह धूप और शाम को बारिश का जो क्रम बना हुआ था, उसमें अब बदलाव देखने को मिलेगा। अलीपुर मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि कोलकाता में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। वहीं, अगले कुछ दिनों में कोलकाता और दमदम में तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम में पारा 38 डिग्री तक चढ़ने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण बंगाल में हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे

मौसम विभाग के अनुसार हालांकि गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन दक्षिण बंगाल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। यही बारिश फिलहाल लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत देगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में उमस और चिपचिपी गर्मी का असर अधिक महसूस होगा।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश और तेज तूफान की चेतावनी

उत्तर बंगाल के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं बुधवार यानी आज जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा, कई उत्तरी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तूफान आने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से गुरुवार तक उत्तर बंगाल में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।.

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in