पत्नी का सिर मुंडवाया और सिर पर डाला गोबर !
निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : बारासात के हाबरा थाना अंतर्गत कुमड़ा खारोबेल इलाके से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक सैन्यकर्मी (Army Personnel) ने अपनी ही पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए न केवल उसे बेरहमी से पीटा, बल्कि उसका रूप बिगाड़ने के लिए उसके लंबे बाल काटकर सिर मुंडवा दिया और उस पर गोबर का पानी डाल दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति मनोरंजन सरकार को गिरफ्तार कर लिया है।
शक का ऐसा जुनून कि बेडरूम में लगा दिया कैमरा
स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोरंजन सरकार भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग जयपुर में है। मनोरंजन को अपनी पत्नी पूजा सरकार पर इस कदर शक था कि वह दूर रहकर भी उस पर नजर रखना चाहता था। इसके लिए उसने पूरे घर के साथ-साथ अपने बेडरूम में भी CCTV कैमरे लगवा दिए थे, ताकि वह अपनी पत्नी की हर गतिविधि पर नजर रख सके।
छुट्टी पर आते ही शुरू हुआ जुल्म
पीड़िता पूजा सरकार ने बताया कि उनका पति जब भी छुट्टी पर घर आता था, छोटी-छोटी बातों पर शक करता और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शुक्रवार को विवाद इतना बढ़ गया कि मनोरंजन ने लाठी और लोहे की रॉड से पूजा की बेरहमी से पिटाई की। क्रूरता की हद तो तब पार हो गई जब मनोरंजन ने कहा कि उसकी पत्नी सुंदर दिखती है इसीलिए वह बाहर जाती है। पत्नी का रूप बिगाड़ने के इरादे से उसने जबरन उसके लंबे बाल काट दिए, सिर मुंडवा दिया और फिर उस पर गोबर का पानी डाल दिया।
ससुराल वालों पर भी प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि इस भयावह कृत्य में केवल उसका पति ही नहीं, बल्कि उसके सास-ससुर और दो पड़ोसी महिलाएं भी शामिल थीं। पूजा ने बताया कि वह पिछले 8 वर्षों से अपने दो बच्चों और परिवार की खातिर यह सब सहती आ रही थी, लेकिन इस बार पानी सिर से ऊपर चला गया। गुरुवार को किसी तरह वह अपनी जान बचाकर ससुराल से भागी और सीधे हाबरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सैन्यकर्मी को धर दबोचा। हालांकि, शनिवार को कोर्ट ले जाते समय आरोपी मनोरंजन सरकार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया। पीड़िता का कहना है, "एक महिला के लिए उसके बाल ही उसकी सुंदरता होते हैं, उसने मेरा रूप बिगाड़ दिया। मैं चाहती हूं कि उसे और उसके साथ देने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।" पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।

