

सागर : मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 19 हो गया है। सोमवार सुबह 3 और लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। धुरमार निवासी महेश रावत (55) ने बंडा अस्पताल में, छापरी गांव की श्याम बाई अहिरवार (50) ने जिला अस्पताल में और पापेट गांव के कृष्ण कुमार लोधी ने मेडिकल कॉलेज में आखिरी सांस ली। घटना के बाद प्रभावित गांवों में मातम पसरा है।
पुत्र की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ : भोपाल एयरलिफ्ट किए गए राम प्रसाद लोधी की रविवार रात मौत हो गई। इससे पहले उनके पिता गोविंद लोधी की भी जान जा चुकी थी। राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। बमूरा भेड़ा गांव में ही अब तक 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
112 मरीजों का चल रहा इलाज : जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल 112 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। इनमें से कइयों की स्थिति गंभीर है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर नजर रख रही हैं। मृतकों के अंतिम संस्कार के बीच अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजन उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
30 नामजद अभियुक्त, 10 गिरफ्तार : मामले में पुलिस ने 30 नामजद आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उनसे अवैध शराब की सप्लाई और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई के दायरे में लाइसेंसी ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा और यशवंत ठाकुर भी शामिल हैं। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
डिप्टी सीएम ने ली घटना की जानकारी : घटना की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से अस्पतालों में उपचार व्यवस्था और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
SP पर कार्रवाई की मांग : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सागर के पुलिस अधीक्षक के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। पटवारी ने दावा किया कि संबंधित अधिकारी के कार्यकाल में पहले मुरैना में भी जहरीली शराब की ऐसी ही त्रासदी सामने आ चुकी है।