युवक का फंदे से लटकता शव बरामद, परिवार का एकमात्र सहारा छिना

Haringhata Suicide Case: 24-year-old Sukanta Das found dead in Nadia
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के हरिणঘাटा थाना अंतर्गत फतेपुर ग्राम पंचायत के बासबोना इलाके में एक 24 वर्षीय युवक की मौत से मातम छा गया है। मृतक की पहचान सुकांत दास के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री थे। शनिवार सुबह अपने ही घर में उनका शव फंदे से लटकता पाए जाने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्याणी जेएनएम अस्पताल भेज दिया है।

मां ने खिड़की से देखा कलेजे के टुकड़े का शव

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुकांत स्वभाव से बेहद शांत और मिलनसार युवक थे। शुक्रवार रात को वह परिवार के साथ खाना खाकर अपने कमरे में सोने गए थे। शनिवार सुबह जब उनकी मां, सोमा दास ने उन्हें जगाने के लिए आवाज दी, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर जब मां ने खिड़की से झांका, तो सुकांत को फंदे से लटकता देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें हरिणघाटा ग्रामीण अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पिता की मौत के बाद कंधों पर था पूरे घर का बोझ

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि लगभग दो साल पहले पिता विष्णु दास के निधन के बाद सुकांत ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। घर की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उनकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है और उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि पुलिस का प्राथमिक अनुमान इसे आत्महत्या मान रहा है, लेकिन सुसाइड के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in