

ग्रामीण सड़क निर्माण प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति की मांग
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : मध्य-अंडमान के ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान मनोजित हलदर ने हाल ही में अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण लंबित विकासात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान प्रधान ने जोशना दास के आवास से स्वर्गीय सीएम अधिकारी के घर तक ग्रामीण सड़क निर्माण के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया, जो वर्तमान में सचिवालय स्तर पर लंबित है। उन्होंने कोरंग नाला में बांध निर्माण के संबंध में भी चर्चा की और अवगत कराया कि परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है तथा इसके शीघ्र क्रियान्वयन की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त, हलदर ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय पिनाकीनगर (अंग्रेजी माध्यम) को उच्च माध्यमिक विद्यालय में उन्नत करने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि पूर्व सचिव शिक्षा द्वारा इस संबंध में आश्वासन दिया गया था, किंतु अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। प्रधान ने बिलीग्राउंड बाजार के समीप शौचालय-सह-बस स्टैंड के निर्माण तथा एनएचआईडीसीएल के अंतर्गत अन्य शौचालय परिसरों के अधूरे कार्यों को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि जनहित और आधारभूत संरचना विकास को ध्यान में रखते हुए उठाए गए सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।