

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए हैम रेडियो ने गंगासागर मेले में बिछड़े दो भाइयों को फिर से मिलवा दिया। वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के सचिव अमरीश नाग विश्वास ने बताया कि मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला के बारादर गांव, जिराबन थाना क्षेत्र से रामपियारी और सोहागलाल एक साथ गंगासागर मेला 2026 में आए थे। गांव के कई अन्य लोग भी उनके साथ थे। पूजा-अर्चना के बाद वापसी के दौरान सागर तट पर दोनों भाई एक-दूसरे से बिछड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो ग्रामीण वापस लौट गए। घर पहुंचते ही परिजनों ने नवान्न कंट्रोल रूम और दक्षिण 24 परगना जिला के आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना दी। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। 27 जनवरी को सोहागलाल अचेत अवस्था में काकद्वीप अस्पताल में मिले, जहां उन्हें अज्ञात के रूप में भर्ती कराया गया था। उनका बेटा रोहित उन्हें घर ले गया, लेकिन बड़े भाई रामपियारी अब भी लापता थे।
परिवार के अनुरोध पर हैम रेडियो ने खोज अभियान शुरू किया। सागर क्षेत्र में लगातार तलाश के बाद देशव्यापी संपर्क साधा गया। अंततः रामपियारी को वाराणसी से खोज निकाला गया। वे अपने भाई की तलाश में कुंभ मेले की ओर निकल पड़े थे। थकान के कारण स्टेशन पर सो गए, जहां उनका पैसा और मोबाइल चोरी हो गया। इसके बावजूद वे भाई की खोज में जुटे रहे। हैम रेडियो के प्रयासों से दोनों भाइयों का पुनर्मिलन संभव हो सका। परिवार ने भावुक होकर कहा कि बंगाल के लोगों ने उनकी उम्मीद वापस लौटा दी। इस सफल अभियान पर क्लब ने संतोष जताया और इसे सेवा व समर्पण की जीत बताया।