

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कांचरापाड़ा : बीजपुर थाने की पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार बीजपुर पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार अभियुक्त अजय कुमार माली को गत दिनों गिरफ्तार किया था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गयी। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने खुलासा किया कि उसने कुछ और अवैध हथियार और गोलियां छिपाकर रखी हैं। अभियुक्त की निशानदेही पर शुक्रवार की देर रात पुलिस ने हालीशहर चौमाथा इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 5 वन-शटर और 6 कारतूस बरामद किए गए।
अभियुक्त से पूछताछ के बाद पुलिस ने चलाया अभियान
बरामद हथियारों को जब्त कर पुलिस ने उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी अवैध हथियारों के नेटवर्क का पता लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया था और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ जोन ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है। अजय कांचरापाड़ा पालिका के पूर्व चेयरमैन कमल अधिकारी का करीबी बताया जाता है।