हाबरा थाने की बैरक में एसआई की रहस्यमय मौत, फंदे से लटका मिला शव

Habra Police Station SI Found Dead Hanging In Barrack
एसआई विश्वनाथ सेन का फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा थाने की बैरक में सोमवार को एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) का शव पंखे से लटका मिलने से भारी हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान विश्वनाथ सेन के रूप में हुई है, जो बारासात जिला पुलिस के अधीन हाबरा थाने में पदस्थ थे।

अदालत जाने से पहले गायब, दरवाजा तोड़ने पर खुलासा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को एसआई विश्वनाथ सेन को किसी मामले के सिलसिले में बारासात अदालत में पेश होना था। सुबह जब वे काफी देर तक नहीं दिखे, तो साथी कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर जब बैरक के कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर उनका शव गमछे के सहारे खिड़की से लटका हुआ मिला।

मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद थाना परिसर में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य मानसिक या व्यक्तिगत कारण रहा है, हाबरा थाना पुलिस इसकी विस्तृत जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in