किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में 2 गिरफ्तार

Habra Minor Gang Rape Case: Two Arrested By Police
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना के हाबरा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जय पाल और देबब्रत मलिक नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

नशीला पदार्थ पिलाकर बागानबाड़ी में वारदात

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम एक परिचित का फोन आने के बाद किशोरी घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पानी में कोई नशीली दवा मिलाकर उसे पिला दिया। किशोरी के बेहोश होने के बाद उसे एक सुनसान बागानबाड़ी में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। देर रात परिजनों को पीड़िता गंभीर रूप से अस्वस्थ अवस्था में मिली।

अस्पताल में भर्ती, परिजनों ने की कठोर सजा की मांग

घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में हाबरा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़िता के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी है, वहीं स्थानीय भाजपा विधायक देवदास मंडल ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in