निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : पश्चिम बंगाल के हाबरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक बेटी के कथित विवाहेतर संबंध (Extra-marital affair) को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय माँ, मीनू शील की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ प्रदर्शन किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मीनू शील की 27 वर्षीय छोटी बेटी श्रावणी शील के प्रेम प्रसंग को लेकर बीते 1 अप्रैल को घर में भारी विवाद हुआ था। आरोप है कि बहस के दौरान श्रावणी, उसका प्रेमी सुमन गुह, प्रेमी की माँ मुक्ति गुह और दो अन्य दोस्तों ने मिलकर मीनू शील पर जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल मीनू को पहले हाबरा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें बारासात मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहाँ कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हो उठे। पुलिस द्वारा अब तक किसी की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने मीनू शील का शव जसोर रोड (Jessore Road) पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही हाबरा और अशोकनगर थाने की बड़ी पुलिस वाहिनी मौके पर पहुंची और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मृतका की बड़ी बेटी ने हाबरा थाने में अपनी बहन श्रावणी और उसके प्रेमी सहित चार लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।