निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के डुमुरजला इंडोर स्टेडियम में ''फर्स्ट गवर्नर्स कप इन्विटेशनल मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप 2026'' का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल आर. एन. रवि ने कहा कि आधुनिक जीवन शैली में मार्शल आर्ट्स का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। यह केवल शारीरिक तंदुरुस्ती ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से स्वस्थ और मजबूत रहने के लिए बेहद जरूरी है। अनुशासन और आत्मरक्षा का यह गुण व्यक्ति के व्यक्तिगत, पारिवारिक और राष्ट्रीय जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्यपाल ने भारत की प्राचीन विरासत का उल्लेख करते हुए बताया कि मार्शल आर्ट्स की जड़े भारत में बेहद गहरी हैं। लगभग 1700 वर्ष पूर्व दक्षिण भारत के एक महान मनीषी (बोधिधर्म) इसे भारत से चीन ले गए थे, जहां इसका व्यापक प्रचार-प्रसार हुआ और बाद में यह कला जापान, कोरिया सहित दुनिया भर में फैली। उन्होंने खुशी जताई कि आज भारत में भी इसका अभ्यास पूरी लगन से किया जा रहा है। खेल और आत्मरक्षा की इस विधा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता त्यौहार के मौसम में युवाओं को ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान कर रही है।