

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ‘शंकर’ के नाम से मशहूर बांग्ला लेखक मणि शंकर मुखर्जी का शुक्रवार दोपहर यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिजनों ने यह जानकारी दी। मुखर्जी की रचनाओं ने शहरी जीवन की सामान्य वास्तविकताओं को कालजयी कहानियों में बदल दिया और ऑस्कर विजेता निर्देशक सत्यजीत राय ने उनकी कृतियों पर फिल्में भी बनाई थीं। उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण 92 वर्ष की आयु में उनका एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार में दो बेटियां हैं। साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता लेखक अपने प्रतिष्ठित उपन्यास ‘चौरंगी’ के लिए जाने जाते हैं और वह कुछ समय से बीमार थे। बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि मशहूर बांग्ला लेखक मणि शंकर मुखर्जी के निधन पर गहरा दुख है। उन्होंने चौरंगी, सीमाबद्ध और जन आरण्य जैसी प्रतिष्ठित रचनाओं के माध्यम से बंगला साहित्य को समृद्ध किया और इसे आम पाठक के करीब लाया। कोलकाता के शेरिफ के रूप में उनकी विशिष्ट सार्वजनिक सेवा समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। राज्यपाल ने मुखर्जी की कोलकाता स्थित लोकभवन यात्रा को याद करते हुए उनके परिवार और साहित्य जगत के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।