हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस को राज्यपाल ने दिलायी शपथ

पारदर्शिता के साथ खुला रहेगा न्याय का द्वार : चीफ जस्टिस
हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस को राज्यपाल ने दिलायी शपथ
Published on

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस रविंद्र वी घुगे को राज्यपाल आरएन रवि ने शपथ वाक्य का पाठ कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उपस्थित थे। चीफ जस्टिस के कोर्ट में बुधवार को इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक्टिंग चीफ जस्टिस तपब्रत चक्रवर्ती भी इस मौके पर उपस्थित थे। इनकॉरपोरेटेड लॉ सोसाइटी के सचिव एडवोकेट परितोष सिन्हा ने स्वागत भाषण दिया।


चीफ जस्टिस ने उन्हें कोलकाता बार परिवार के एक सदस्य के रूप में ग्रहण किए जाने पर आभार जाताया। चीफ जस्टिस ने अपने संबोधन में कहा कि पारदर्शिता के साथ न्याय का द्वार हमेशा खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा की समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी न्याय मिले। चीफ जस्टिस ने बार के जूनियर एडवोकेटों को सलाह देते हुए कहा कि इस पेशे में काफी संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि शुरू के दौर में वे साइकिल से कोर्ट आया करते थे। आज उन्हें न्याय के सर्वोच्च आसन पर बैठने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह उनके लिए संघर्ष का प्रेरणाश्रोत रही हैं। उन्होंने बार के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वह कभी भी किसी भी समस्या को लेकर उनके पास आ सकते हैं। इस मौके पर कानून मंत्री विराज विश्वास, एडवोकेट जनरल एस एन मित्र, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल धीरज त्रिवेदी और बार एसोसिएशन एडवोकेट अशोक कुमार ढानढनिया सहित बहुत सारे एडवोकेट मौजूद थे। इस शपथ ग्रहण समारोह में हाईकोर्ट के सारे जज मौजूद थे और इसके साथ ही मुंबई से भी काफी एडवोकेट आए थे। यहां उल्लेखनीय है कि कोलकाता हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस का पदभार संभालने से पहले जस्टिस घुगे बॉम्बे हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in