निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : बनगांव के गोपालनगर थाना क्षेत्र के वृद्धपल्ला में टीवी देखने के मामूली विवाद को लेकर एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पड़ोसियों पर आरोप है कि वे युवक को उस समय घर से बुलाकर ले गए जब वह रात का खाना खा रहा था। शुक्रवार की सुबह मैदान से युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान विश्वजीत मुंडा के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था। हाल ही में दूसरे राज्य से काम करके अपने घर लौटा था।
टीवी देखने को लेकर हुआ था विवाद!
मिली जानकारी के मुताबिक, तीन दिन पहले स्थानीय क्लब में टीवी देखने को लेकर विश्वजीत का निताई और टोटो नाम के दो युवकों से विवाद हुआ था। उस समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात जब विश्वजीत खाना खाने बैठे थे, तभी आरोपी उन्हें बुलाकर ले गए। रात भर वापस न लौटने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। फिर विश्वजीत का शव मिलने से इलाके में भारी तनाव फैल गया। पुलिस ने अभियुक्त टोटो को हिरासत में ले लिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।