मुंबई : गूगल मैप के चक्कर में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में शुक्रवार आधी रात एक महिला की कार सीधे खाड़ी में जा गिरी। महिला गूगल मैप के भरोसे गाड़ी चला रही थी। गनीमत रही कि वहां मौजूद समुद्री सुरक्षा पुलिस ने महिला की जान बचा ली। बाद में क्रेन की मदद से कार को खाड़ी से बाहर निकाला गया।
मैप फौलो करने के चक्कर में जन पर बन आयी
रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार रात करीब 1 बजे जब महिला अपनी कार से उलवे की ओर जा रही थीं। बेलापुर के खाड़ी पुल से जाने की बजाय उन्होंने पुल के नीचे का रास्ता पकड़ लिया क्योंकि गूगल मैप पर उसे वह रास्ता सीधा नजर आ रहा था। नतीजा यह हुआ कि कार सीधे ध्रुवतारा जेट्टी से खाड़ी में गिर गयी। पास में ही तैनात समुद्री सुरक्षा पुलिस की नजर में ये घटना आ गयी और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने देखा कि महिला पानी में बह रही थी। इसके बाद रेस्क्यू बोट और गश्ती टीम की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पहले भी हो चुके ऐसे हादसे
इससे पहले गत 9 जून को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में गूगल मैप ने एक कार को अधूरे फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचा दिया, जिसके कारण यह कार फ्लाईओवर से नीचे लटक गयी हालांकि इस हादसे में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गये। जिले के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भैया फरेंदा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुआ, जहां पर कार फ्लाईओवर पर चढ़ी लेकिन फ्लाईओवर का काम अधूरा था।
रास्ता तलाशने की कोशिश में कार सवार दो युवतियों की मौत
उत्तर प्रदेश के ही मुरादाबाद में गत 4 अप्रैल को गूगल मैप की मदद से रास्ता तलाशने की कोशिश में कार सवार चार लोग हादसे का शिकार हो गये। इस घटना में दो युवतियों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। गत वर्ष दिसंबर में हाथरस जिले में गूगल मैप के गलत रास्ते दिखाने से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। मथुरा-बरेली निर्माणाधीन हाईवे पर हुई इस घटना में, मैप ने गाड़ी को खराब सड़क पर मोड़ दिया। कार मिट्टी के अवरोध से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गयी, हालांकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गये।