

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नैहाटी : उत्तर 24 परगना के सुप्रसिद्ध नैहाटी बड़ा माँ काली मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ने वाली लाखों की भीड़ और घंटों के इंतजार से अब स्थानीय निवासियों को निजात मिलने वाली है। मंदिर कमेटी ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए नैहाटी के वासियों के लिए विशेष प्रवेश द्वार की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। आगामी 1 मार्च से यह नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
पिन कोड दिखाएं, सीधे प्रवेश पाएं
मंदिर कमेटी के सचिव तापस भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि नैहाटी के वे निवासी जिनका पिन कोड 743165 और 743166 है, उन्हें अब सामान्य कतार में खड़ा होने की जरूरत नहीं होगी। मंदिर परिसर में इनके लिए एक 'विशेष गेट' बनाया जाएगा। यहां भक्तों को अपना सचित पहचान पत्र (Voter ID/Aadhar Card) दिखाना होगा। यदि पहचान पत्र पर अंकित पिन कोड इन दोनों में से एक है, तो उन्हें सीधे प्रवेश की अनुमति मिल जाएगी।
केवल स्थानीय लोगों को लाभ, मेहमानों को नहीं
कमेटी ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा विशेष रूप से नैहाटी के बुजुर्गों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए है, जिन्हें अपने ही क्षेत्र के मंदिर में घंटों खड़ा रहना पड़ता था। हालांकि, एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि नैहाटी का निवासी अपने साथ किसी बाहरी अतिथि या रिश्तेदार को इस विशेष द्वार से अंदर नहीं ले जा सकेगा। बाहरी भक्तों को पूर्व की भांति सामान्य कतार से ही आना होगा। इस फैसले से स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।